नन्हे कृष्ण-राधा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा सभी का मन,
तिल्दा-नेवरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र में जन्माष्टमी उत्सव उमंग, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-नन्हे बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर पूरे सभागार को कृष्णमय कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कृष्ण-राधा के मधुर भजनों पर खुशी, मीठी, राशिका, उदय एवं तोशिका ने सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं यशोदा मैया की वेशभूषा में सजी खुशबू बहन ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन जीत लिया। नन्हे कलाकारों की मासूमियत, आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।

इस अवसर पर अंजू सोनी बहन ने सुंदर कविता के माध्यम से श्रीकृष्ण के आध्यात्मिक स्वरूप और उनके दिव्य संदेश को प्रस्तुत किया। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े श्रेष्ठ मूल्यों और संस्कारों को वर्तमान जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र की मुख्य संचालिका बीके प्रियंका बहन ने सभी भाई-बहनों एवं नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित भाई-बहनों ने नन्हे कृष्ण-राधा के रूप में सजे बच्चों के साथ रास-गरबा का आनंद लिया। कृष्ण भक्ति के गीतों पर सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद सभी ने माखन-मिश्री का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिकता, संस्कृति, भक्ति और आनंद का सुंदर संगम देखने को मिला।

