कवर्धा- जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है यहाँ हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ससुराल जा रहे पति-पत्नी की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई… जबकि उनका चार साल का मासूम बेटा घायल हालत में बच गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक कृष्णा ऑढिले निवासी सारंगढ़ अपनी पत्नी कीर्ति ऑढिले और 4 वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से अपनी ससुराल कोलेगांव जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई और अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा घुसी. हादसे में पति-पत्नी दोनों पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बच्चा दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि वह घायल हो गया.घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है.
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उनका कहना है कि सड़क के शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई है. इससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.
ग्रामीण सड़क निर्माण के ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं.
कवर्धा जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं आखिर सड़क निर्माण में लापरवाही कब तक लोगों की जान लेती रहेगी?फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है

