बालोद-छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है…जहां तेज रफ्तार ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। बालोद के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में देर रात कार और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में तीन दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और साथ में सफर कर रहे थे… लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरीडीह गांव के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। जानकारी के मुताबिक पिंकापार गांव निवासी तरुण यादव उम्र 20 वर्ष, राहुल सेवता उम्र 20 वर्ष और नरेंद्र भुआर्या उम्र 21 वर्ष एक ही बाइक में सवार होकर देवरी से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खैरीडीह गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
.”’टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही पिंकापार गांव में मातम छा गया। जवान बेटों की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है… लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

