अतिक्रमण के आरोप में 6 जुलाई तक मांगा जवाब, गांव में मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब पास के तूता गांव में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। नया रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने तूता गांव के 35 मकान मालिकों को नोटिस जारी कर 6 जुलाई तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नोटिस उन मकानों पर चस्पा किए गए हैं, जहां कई परिवार पिछले 25 से 50 वर्षों से निवास कर रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और अब अचानक अतिक्रमण बताकर नोटिस दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में नकटी गांव में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मकानों को हटाया गया था, जिसके बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया था। अब तूता गांव में नोटिस जारी होने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

