केशकाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गिरीदीप स्कूल के पास सड़क किनारे भारी लोहे का सामान लेकर खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा तेज गति से आ रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया। दुर्घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। केशकाल नगर के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। पिछले 48 घंटों से केशकाल घाटी और एनएच-30 पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों का दबाव, खराब वाहनों का सड़क पर खड़ा होना और बढ़ता ट्रैफिक प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
सूचना मिलते ही एसडीओपी अरुण नेताम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हो सका। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और जाम की घटनाओं से चिंतित स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी यातायात प्रबंधन नहीं किया गया तो केशकाल घाटी और एनएच-30 पर दुर्घटनाओं तथा जाम की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

