Homeछत्तीसगढ़तिल्दा में नि:शुल्क लीवर जांच शिविर: 100 से अधिक मरीजों ने उठाया...

तिल्दा में नि:शुल्क लीवर जांच शिविर: 100 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ, महंगी जांच अब मुफ्त में संभव

तिल्दा नेवरा

तिल्दा शहर के खुशी हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा जनस्वास्थ्य के प्रति सराहनीय पहल करते हुए शुक्रवार को अस्पताल परिसर में एक दिवसीय नि:शुल्क लीवर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 100 से अधिक मरीजों ने अपने लीवर की जांच करवाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श प्राप्त किया।शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक लगातार चलता रहा। खास बात यह रही कि शिविर के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही बड़ी संख्या में लोग जांच कराने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे थे, जिससे आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता साफ झलकती है।अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आमतौर पर लीवर की विस्तृत जांच, विशेषकर फाइब्रोस्कैन जैसी आधुनिक जांच के लिए मरीजों को 4 से 5 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। आर्थिक कारणों से कई जरूरतमंद

लोग यह जांच नहीं करा पाते, जिससे बीमारी का समय पर पता नहीं चल पाता। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए खुशी हॉस्पिटल द्वारा यह नि:शुल्क शिविर आयोजित किया गया, ताकि हर वर्ग के लोगों को समय रहते जांच और उपचार का लाभ मिल सके । विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि लीवर शरीर का दूसरा सबसे बड़ा और अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो पाचन क्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ-साथ शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने, संक्रमण से लड़ने, प्रोटीन निर्माण करने और पित्त (बाइल) बनाने का कार्य करता है। बावजूद इसके, अधिकांश लोग लीवर स्वास्थ्य को लेकर जागरूक नहीं हैं।
अस्पताल के संचालक डॉ. भोजराज मोहनानी ने कहा कि लीवर से जुड़ी बीमारियां अक्सर शुरुआती चरण में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ती रहती हैं, जिससे समय पर पहचान नहीं हो पाती। ऐसे में नियमित स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है, ताकि बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाकर उचित उपचार किया जा सके।

शिविर के दौरान मरीजों को न केवल जांच की सुविधा दी गई, बल्कि उन्हें लीवर को स्वस्थ रखने के उपाय, संतुलित आहार, नशे से दूरी और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति भी जागरूक किया गया।
खुशी हॉस्पिटल की इस पहल को स्थानीय लोगों ने काफी सराहा और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments