Homeछत्तीसगढ़ड्रोन सर्वे से संपत्तिकर निर्धारण में पारदर्शिता, तिल्दा-नेवरा में लगे QR कोड...

ड्रोन सर्वे से संपत्तिकर निर्धारण में पारदर्शिता, तिल्दा-नेवरा में लगे QR कोड प्लेट

क्षेत्रफल और टैक्स में गड़बड़ी की शिकायतों पर नगर पालिका लगाएगी विशेष शिविर, नागरिकों से रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की अपील

तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा द्वारा वर्ष 2025 में राज्य शासन के निर्देश पर ड्रोन सर्वे के माध्यम से शहर के सभी भवनों का संपत्तिकर निर्धारण किया गया था। आधुनिक डिजिटल तकनीक से हुए इस सर्वे के आधार पर भवनों पर नए सिरे से टैक्स निर्धारित किया गया और प्रत्येक भवन में QR कोड युक्त प्लेट भी लगाए गए हैं।

हालांकि, एक वर्ष बीतने के बाद अब कई भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के क्षेत्रफल एवं कर निर्धारण में भिन्नता की शिकायतें सामने आने लगी हैं। वहीं विकसित कॉलोनियों के कई भवन स्वामियों द्वारा अब तक नगर पालिका में संपत्तिकर निर्धारण नहीं कराए जाने की बात भी सामने आई है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. अमिताभ शर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अब संपत्तिकर निर्धारण और भुगतान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को अपने भवन के क्षेत्रफल या कर निर्धारण में त्रुटि लगती है तो वे तत्काल नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच करवा सकते हैं। साथ ही जिन कॉलोनी क्षेत्रों में अब तक कर निर्धारण नहीं हुआ है, वहां विशेष शिविर लगाकर कार्रवाई की जाएगी।

पार्षद रानी सौरभ जैन ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि संपत्तिकर नगर विकास की नींव है और सभी भवन स्वामी शिविर में पहुंचकर अपने भवन की सही जानकारी दर्ज कराएं। उन्होंने खासकर नई कॉलोनियों के रहवासियों से पंजीयन कराने की अपील की ताकि कोई भी भवन कर निर्धारण से वंचित न रहे।

नगर पालिका द्वारा जल्द ही कॉलोनी क्षेत्रों में विशेष शिविरों की तिथि घोषित की जाएगी। नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने भवनों का डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट कराने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments