रायपुर: डाक विभाग ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख डाकघरों और उपडाकघरों में अंतरराष्ट्रीय पार्सल एवं अंतरराष्ट्रीय लेख (Foreign Article) बुकिंग सेवा शुरू की है.
अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा के माध्यम से अब रायपुर संभाग के सभी लोग अपने पार्सल, दस्तावेज और अन्य सामग्री को विश्व के विभिन्न देशों में सुरक्षित, सरल एवं व्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से भेज सकते हैं.
डाक विभाग की यह सेवा पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी एवं विश्वसनीय है. ग्राहकों को पार्सल की सुरक्षित हैंडलिंग, उचित पैकेजिंग संबंधी मार्गदर्शन और ऑनलाइन ट्रैकिंग की सुविधा दी जा रही है. अन्य निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में यह सेवा किफायती दरों पर उपलब्ध है. भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा संचालित होने के कारण अधिक भरोसेमंद है.
डाकघर में बुकिंग के लिए ग्राहक अपना पार्सल, प्राप्तकर्ता का पूर्ण एवं सही पता और वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करें. वजन एवं निर्धारित दर के अनुसार शुल्क लेकर बुकिंग की जाती है. इसके साथ ही ट्रैकिंग रसीद प्रदान की जाती है, जिससे पार्सल की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकती है. यदि ग्राहक के पास बड़ा या भारी अंतरराष्ट्रीय पार्सल है, तो डाक विभाग द्वारा पार्सलों को डाकघर तक निःशुल्क पिकअप (Free Pickup) की सुविधा भी प्रदान की जा रही है.
पोस्टल डिपार्टमेंट की अपील
डाक विभाग ने रायपुर संभाग के लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और प्रवासी परिवारों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.

