रायपुर-आईपीएल सट्टा मामले में रायपुर सेन्ट्रल जेल में बंद आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है, रायपुर पुलिस ने अब उनके घर पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रेड मारी है। इस कार्रवाई में कई चौंकाने वाले खुलासे की उम्मीद है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बाबु खेमानी के घर पर छापा मारा है। पिछले 1 घंटे से कार्रवाई जारी है, पुलिस महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाल रही है। आपको बता दें कि बाबू खेमानी ऑनलाइन सट्टा एप 3 stumps का मास्टरमाइंड है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ये कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उनके ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और लैपटॉप, जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक चीजें जब्त की थी।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी और उसका भाई करण खेमानी पिछले करीब ढाई साल से “3 स्टम्प्स”, “रेड्डी ग्रुप”, “बजरंग ग्रुप”, “मेट्रो 65” और “डायमंड मास्टर” नाम से ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित कर रहे थे। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए देशभर में लोगों से पैसा लगवाया जाता था। पुलिस को मिले इनपुट के अनुसार, इस रैकेट के जरिए बाबू ने महज दो साल में 2 से 3 करोड़ रुपये तक का मुनाफा कमाया। सट्टे के इस कारोबार में पैसों के लेन-देन को छिपाने के लिए बाबू और उसके सहयोगियों ने म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया।

