सिमरिया से आ रहे ज्वेलरी व्यापारी को बनाया निशाना, इलाके में दहशत—पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच
तिल्दा -खरोरा -छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम सिमरिया से खरोरा की ओर आ रहे एक ज्वेलरी व्यापारी को अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोककर करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी अपने साथ कीमती आभूषणों से भरा बैग लेकर खरोरा स्थित अपनी दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे लुटेरों ने सुनियोजित तरीके से उसे रोका और बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि व्यापारी संभल भी नहीं पाया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।इस घटना के बाद खरोरा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग की है।गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी खरोरा क्षेत्र में एक धान व्यापारी से 29 लाख रुपये की लूट हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार हो रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

