तिल्दा नेवरा-तिल्दा समीपस्थ ग्राम मोहरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ वाणिज्य व्याख्याता प्रेम नारायण नायक ने भारत सरकार के आई गॉट कर्मयोगी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर अपनी उत्कृष्ट कार्य कुशलता और सीखने की लगन से पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है।
नायक ने कर्मयोगी कोर्स में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में द्वितीय स्थान , तथा बलौदा बाजार भाटापारा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर नवा रायपुर स्थित महानदी भवन (मंत्रालय)में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। प्रेम नारायण नायक की इस उपलब्धि से न केवल सिमगा विकासखंड बल्कि पूरे बलौदा बाजार जिले के शिक्षा विभाग में हर्ष की लहर है। सहकर्मियों एवं उच्च अधिकारियों ने उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी है।

