तिल्दा-नेवरा। तिल्दा विकासखंड के ग्राम निनवा हाई स्कूल में पर्यावरण संरक्षण और बेटी शिक्षा को समर्पित प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत रायपुर के सभापति शैल महेंद्र साहू के मुख्य आतिथ्य तथा सरपंच गोविंद सारंग एवं उपसरपंच प्रकाश जेठी के विशेष आतिथ्य में स्कूल परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि शैल महेंद्र साहू, सरपंच गोविंद सारंग एवं अन्य अतिथियों ने शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। साथ ही विद्यार्थियों को टी-शर्ट भी प्रदान की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं पौधारोपण में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शैल महेंद्र साहू का प्रेरक संबोधन
मुख्य अतिथि शैल महेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा—“आज हमने जो पौधे लगाए हैं, वे केवल पेड़ नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यही पौधे बड़े होकर हमें शुद्ध हवा देंगे, पर्यावरण को संतुलित रखेंगे और इस विद्यालय परिसर को हरियाली से आच्छादित कर एक सुंदर पहचान देंगे। हर विद्यार्थी यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले, तो आने वाले वर्षों में हमारा गांव और प्रदेश हराभरा बन जाएगा।”
उन्होंने कहा-जिस प्रकार पेड़-पौधे धरती का श्रृंगार हैं, उसी प्रकार बेटियां हमारे परिवार, समाज और देश का गौरव हैं। आज छात्राओं को साइकिल देकर सरकार केवल एक साधन नहीं दे रही, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान दे रही है। अब बेटियों को स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और वे पूरी लगन से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगी।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों ही सरकारें बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—“शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा, उतना ही आगे बढ़ेगा। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। हमें उन्हें हर अवसर देना चाहिए, क्योंकि बेटियां हैं तो परिवार है, समाज है और देश का भविष्य सुरक्षित है।अंत में उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
सरपंच ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
सरपंच गोविंद सारंग ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह करते हुए कहा कि आज का एक पौधा भविष्य में हजारों लोगों को जीवनदायी छाया और स्वच्छ वातावरण देगा।
कार्यक्रम में हाई स्कूल की प्राचार्य संध्या तिवारी, एसएमडीसी अध्यक्ष गिरेंद्र साहू, गोपाल वर्मा (सचिव), चिंतामणि साहू, महेंद्र जेठी, ललित साहू, सुधीर नायक, राधिका साहू, बबीता कुर्रे, पूर्णिमा वर्मा, वंदना वर्मा, उर्मिला वर्मा, कविता यादव, पूर्व सरपंच बिंदिया वर्मा, हरीश वर्मा, खूबी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, बेटी शिक्षा और समाज के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।


