सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मदर्स डे पर बच्चों ने माताओं को भेंट किए भावुक कर देने वाले ग्रीटिंग कार्ड
तिल्दा नेवरा । ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का समापन शनिवार को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भावनात्मक माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं नगरवासी शामिल हुए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों और मदर्स डे पर माताओं को दिए गए विशेष सरप्राइज ने समारोह को यादगार बना दिया।

ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का समापन समारोह उत्साह, संस्कृति और आध्यात्मिक माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. वर्णिका शर्मा रहीं। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के AI और आधुनिकता के दौर में भी बच्चों का भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव अत्यंत सुखद अनुभव है।डॉ. शर्मा ने अभिभावकों को बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों की पसंद का सम्मान करना चाहिए तथा उन्हें गलत स्पर्श (बैड टच) जैसी बातों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत “ऐगिरी नंदिनी” गीत की विशेष सराहना की और स्वयं भी इसकी कुछ पंक्तियां गाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय आत्मानंद प्रियदर्शिनी विद्यालय नेवरा के प्राचार्य भ्राता राजेन्द्र बंजारे एवं समाजसेवी नीलम अग्रवाल उपस्थित रहीं। भ्राता बंजारे ने आयोजन को संस्कार निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल बताते हुए अगले वर्ष अधिक बच्चों को शिविर से जोड़ने की बात कही। वहीं नीलम अग्रवाल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सेवाकेंद्र प्रभारी बीके प्रियंका दीदी ने बताया कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से बच्चे और अभिभावक मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं तथा नकारात्मक आदतों पर नियंत्रण पा सकते हैं। उन्होंने 12 मई से शुरू होने वाले निःशुल्क मेडिटेशन शिविर की जानकारी भी दी।शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक तथा शाम 7 बजे से 8 बजे तक रहेगा, जिसमें बच्चे एवं अभिभावक दोनों ही शामिल होकर तनावमुक्त जीवन जीने की कला सीख सकते हैं।

समाजसेवी बहन नीलम अग्रवाल ने कहा कि वे अब तक ब्रह्माकुमारीज़ को केवल मेडिटेशन सिखाने वाली संस्था के रूप में जानती थीं, लेकिन यहां आकर उन्होंने अनुभव किया कि यह संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को यहां अनेक उपयोगी स्किल्स एवं संस्कार अत्यंत रोचक तरीके से सिखाए गए।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं पूरे कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुभाष यादव एवं आदित्य मिश्रा को संयुक्त रूप से “बेस्ट बॉय” तथा तनी ध्रुव को “बेस्ट गर्ल” चुना गया।अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच पर पुरस्कृत भी किया गया। समर कैंप में डांस, ड्रॉइंग, एनर्जी ऑडिट, फायरलेस कुकिंग, पोस्टर मेकिंग, ग्रुप डिस्कशन, ड्रामा एवं एड मेकिंग जैसी अनेक रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मदर्स डे के अवसर पर बच्चों ने अपनी माताओं को स्वयं के हाथों से बनाए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए। बच्चों के प्रेम और सम्मान से भरे इन उपहारों को पाकर माताएं भावुक हो उठीं और पूरा वातावरण पारिवारिक स्नेह से भर गया।


