Homeछत्तीसगढ़प्रशिक्षण शिविर में संगठन को धार देने पहुंचे राहुल, भीड़ इतनी उमड़ी...

प्रशिक्षण शिविर में संगठन को धार देने पहुंचे राहुल, भीड़ इतनी उमड़ी कि चरणदास महंत गेट पर ही रह गए

अभनपुर-रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे, जहां अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर ने राजनीतिक रूप से बड़ा संदेश दिया। रायपुर एयरपोर्ट से लेकर अभनपुर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राहुल गांधी के स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता उमड़े, जबकि कार्यक्रम स्थल पर भीड़ इतनी अधिक हो गई कि प्रदेश के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत धक्का-मुक्की के बीच गेट के बाहर ही रह गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने का मंत्र दिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों, शहर कांग्रेस अध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद करते हुए बूथ स्तर पर मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक रणनीति और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
राहुल, भूपेश और सचिन पायलट तीनों एक ही कार पर सवार होकर अभनपुर पहुंचे।
4o मिनट तक हुई बंद कमरे में अहम बैठक
राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों और संगठन के प्रमुख चेहरों के साथ करीब 40 मिनट तक विशेष बैठक की। लगभग 70 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भी उनसे मुलाकात कर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की चुनौतियों पर चर्चा की। पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने बताया कि राहुल गांधी ने प्रदेश की राजनीति को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
एक कार में दिखी कांग्रेस की बड़ी तिकड़ी
अभनपुर पहुंचने के दौरान राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट एक ही वाहन में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस तस्वीर को कांग्रेस के भीतर एकता और समन्वय के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
राहुल से मिलने सैकड़ों किलोमीटर बाइक चलाकर पहुंचा कार्यकर्ता
सक्ती जिले के जैजैपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वे पहले भी बाइक से दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिलने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इस बार फिर लंबा सफर तय कर अभनपुर पहुंचे हैं, ताकि अपने नेता से सीधे मिल सकें।
चुनावी तैयारी का बड़ा मंच
कांग्रेस इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावों से पहले संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की महत्वपूर्ण कवायद मान रही है। शिविर में सचिन पायलट सहित कई राष्ट्रीय नेता अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और राजनीतिक प्रशिक्षण दे रहे हैं।
राजनीतिक संदेश साफ
राहुल गांधी का यह दौरा केवल प्रशिक्षण शिविर तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और चुनावी तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और नेताओं की सक्रियता ने यह संकेत दे दिया है कि कांग्रेस आगामी राजनीतिक मुकाबले के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में जुट गई है।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments