तिल्दा नेवरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सिलपट्टी में जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू की विशेष उपस्थिति में शुक्रवार कोसघन पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम के मिडिल स्कूल परिसर में सरपंच लोकेश कश्यप, उपसरपंच ज्योति ढालेंद्र यादव, पंचगण एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर नीम, पीपल और विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर पंच मनहरण साहू, ऐवन मिरी, गणेश वर्मा, संतोषी वर्मा, शिक्षक बलराम यादव, आरती देवांगन, दुर्गा वर्मा, रानी वर्मा, खुमान दास मानिकपुरी सहित गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने भी एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू ने कहा कि “पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। नीम, पीपल और फलदार पौधे हमारे पर्यावरण, स्वास्थ्य और जीवन के लिए अमूल्य हैं। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनकी देखभाल करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखे, तो हमारा गांव, क्षेत्र और पूरा प्रदेश हराभरा बन सकता है।”
उन्होंने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के अंत में शैल महेंद्र साहू ने पौधारोपण अभियान में सहयोग करने वाले ग्राम पंचायत, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

