Homeछत्तीसगढ़मंत्री टंक राम वर्मा की पहल रंग लाई: तिल्दा विकासखंड को DMF...

मंत्री टंक राम वर्मा की पहल रंग लाई: तिल्दा विकासखंड को DMF से 3 करोड़ की सौगात, 26 गांवों में होंगे विकास कार्य

स्कूल, आंगनबाड़ी, अतिरिक्त कक्ष और सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, ग्रामीणों में खुशी की लहर

तिल्दा-नेवरा-बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयासों से तिल्दा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों को जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 3 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिली है। इस राशि से विकासखंड के 26 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

मंत्री टंक राम वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से प्राप्त मांगों को प्राथमिकता देते हुए DMF के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कराया। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण ग्राम परसदा जोता में देखने को मिला, जहां शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नए भवन की मांग उठने के लगभग 15 दिनों के भीतर 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई। ग्रामीणों ने मंत्री के त्वरित निर्णय के लिए उनका आभार जताया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवन बनाए जाएंगे, अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होगा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वीकृत कार्यों के तहत गुरुसुदा और परसदा जोता में 20-20 लाख रुपये की लागत से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नए भवन बनाए जाएंगे। वहीं बौरझिरडी, किरना, कंगारी खुहरिया, बेरसर, केंवटरा, सुगरा, मझगुनी, सिलपट्टी, तारीशिव, भुमिया और कांटा में 10-10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होगा। इसके अलावा छछानपहरी, ओटगन, टण्डवा (केंद्र क्रमांक-1 एवं 2), तारीशिव और छपोरा में 15-15 लाख रुपये की लागत से नए आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त खबरिया में आंगनबाड़ी भवन का जीर्णोद्धार, सिरवे में आंगनबाड़ी भवन के जीर्णोद्धार एवं शौचालय निर्माण, खपरीकला हाई स्कूल में आहाता निर्माण, सरारीडीह गौठान में आहाता निर्माण, तुलसी मागरपुर में सीसी रोड, टण्डवा में सड़क निर्माण तथा सिरवे पीएमश्री स्कूल में प्रवेश मार्ग का निर्माण भी इस स्वीकृति में शामिल है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में लंबे समय से स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष और आंगनबाड़ी भवनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर राम पंजवानी, डॉ. लक्ष्मण साहू, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन, सभापति संतोष यदु, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन, सुधांशु शर्मा, अमरजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि मंत्री के सतत प्रयासों से तिल्दा विकासखंड में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और शिक्षा, सड़क, आंगनबाड़ी सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments