तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा। समीपस्थ ग्राम मोहगांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत की जुताई कर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोहगांव निवासी डीगर नाथ वर्मा (66 वर्ष) अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर घर लौट रहे थे। खेत से मुख्य सड़क पर चढ़ते समय अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे किसान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तिल्दा अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

