वाहन चालकों के दस्तावेजों का हुआ सत्यापन
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पुलिस का विशेष अभियान
बिना पंजीयन वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा -क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों के सुव्यवस्थित संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से तिल्दा थाना परिसर में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में चालक शामिल हुए, जिनके वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों एवं भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया भी की गई।
बैठक के दौरान चालकों को पुलिस द्वारा जारी किए जा रहे यूनिक नंबर पंजीयन अभियान की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए गए।
टीआई रमाकांत तिवारी ने बताया कि पंजीयन अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों का संपूर्ण रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि वाहन मालिकों और चालकों की जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
थाना प्रभारी कहा कि कई बार यात्रियों का सामान वाहनों में छूट जाता है या किसी आपराधिक घटना में वाहन के उपयोग की आशंका रहती है। ऐसी स्थिति में पंजीयन डाटा के माध्यम से संबंधित वाहन और चालक तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और वाहन चालकों को भी लाभ मिलेगा।
बैठक में सभी चालकों को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर जल्द से जल्द पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार रखने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और बिना वैध दस्तावेज वाहन संचालित नहीं करने की समझाइश दी गई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीयन और नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। तिल्दा पुलिस ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।बैठक में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ऑटो चालक, ई-रिक्शा चालक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे

