तिल्दा-नेवरा0तिल्दा के ग्राम पंचायत भुरसुदा के ग्राम गुजरा में को सुशासन तिहार के चौथे चरण का शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए पहुंचे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में मांग एवं शिकायत संबंधी कुल 706 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 86 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि 620 आवेदन लंबित हैं, जिनका निराकरण आगामी एक माह के भीतर किए जाने का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, महेंद्र साहू जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, एसडीएम तिल्दा , जनपद पंचायत तिल्दा के सीईओ रवि कुमार, सरपंच सरोज वर्मा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि बेतल साहू सहित 21 पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम की त्रैमासिक पत्रिका “दीदी मन के गोठ” का विमोचन मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा मिनरल मिक्चर, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी एवं प्रमाण पत्र, एनआरएलएम के अंतर्गत लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र व चेक, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, कृषि विभाग द्वारा बीज एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा आय-जाति प्रमाण पत्र एवं स्वामित्व कार्ड, श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड व उज्ज्वला गैस कनेक्शन तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को छड़ी वितरित की गई।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने लंबित आवेदनों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

