Homeछत्तीसगढ़सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर भागे 4 लड़के:हाथ-पैर बांधकर गला...

सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर भागे 4 लड़के:हाथ-पैर बांधकर गला घोंटा, हत्या-दुष्कर्म के आरोप में बंद थे

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बाल सुधार गृह से चार लड़के चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए। आरोप है कि चारों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात के बाद सभी मौके से भाग निकले। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से बाल सुधार गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह का घेराव कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोक दिया है।

परिजनों ने अधिकारियों को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, भरण-पोषण की व्यवस्था, उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों ने बाल सुधार गृह के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फरार लड़कों में एक की उम्र 20 साल हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजा जाना था। बाकी लड़के हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में यहां रखे गए थे। पुलिस चारों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

रविवार की रात करीब 11 बजे चौकीदार की हत्या कर चारों बाल अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

CCTV और अन्य साक्ष्यों की जांच

पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर चुकी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।वहीं चौकीदार की हत्या के बाद चार लड़कों के फरार होने से सुरक्षा में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस मामले में सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फरार चारों लड़कों की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments