Homeछत्तीसगढ़सीमा के वीरों को तिल्दा का स्नेह संदेश, भाजपा महिला मोर्चा ने...

सीमा के वीरों को तिल्दा का स्नेह संदेश, भाजपा महिला मोर्चा ने भेजे रक्षा-सूत्र और छत्तीसगढ़ की पावन माटी

तिल्दा नेवरा

तिल्दा-नेवरा। देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र” अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल ने सैनिक भाइयों के लिए रक्षा-सूत्र (राखियां), बच्चों द्वारा लिखे गए भावनात्मक पत्र एवं छत्तीसगढ़ की पावन माटी जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा को सौंपकर राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश दिया।

भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल की अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-21 की पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से राखियां तैयार कीं। बच्चों ने सैनिकों के नाम भावनात्मक और प्रेरणादायी संदेश भी लिखे, जिन्हें छत्तीसगढ़ की पावन माटी के साथ अभियान के तहत देश की सीमाओं पर भेजा जाएगा।
इस अवसर पर श्रीमती रानी सौरभ जैन ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे वीर जवानों तक बहनों के स्नेह, बच्चों के प्रेम और मातृभूमि की पावन माटी पहुंचाना पूरे समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल रक्षा-सूत्र भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि सैनिकों के प्रति पूरे समाज की भावनाओं और सम्मान का प्रतीक है।

जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा ने इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों और युवाओं में सेना के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं। अभियान के तहत एकत्रित सभी रक्षा-सूत्र, पत्र और छत्तीसगढ़ की पावन माटी जल्द ही देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाई जाएगी।
रक्षा बंधन के पावन पर्व से पहले शुरू किया गया यह अभियान तिल्दा-नेवरा से सीमा पर डटे वीर जवानों तक प्रेम, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है.

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments