जिला पंचायत सदस्य शैल महेंद्र साहू ने कहा— “हर बच्चा हमारे गांव और देश का भविष्य, शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी
तिल्दा-नेवरा-तिल्दा शहर से लगे ग्राम सांकरा स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में शनिवार को शासन के निर्देशानुसार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य शैल महेंद्र साहू रहीं। विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य प्रतिनिधि शत्रुघ्न यदु, ग्राम पंचायत की सरपंच पूर्णिमा एवन पाटिल, उपसरपंच राजकुमार यदु, प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री धर्मेंद्र वर्मा, पूर्व सरपंच चंडीराम पाल, अश्वनी कश्यप एवं अशोक कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें स्कूल बैग, कॉपी और चॉकलेट वितरित कर शिक्षा के नए सफर की शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्य अतिथि शैल महेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “हर बच्चा हमारे गांव, समाज और देश का भविष्य है। शिक्षा ही वह शक्ति है जो बच्चों के सपनों को नई उड़ान देती है। शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि अच्छी शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है। हम सभी का दायित्व है कि विद्यालयों को बेहतर बनाने में मिलकर सहयोग करें और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।”
कार्यक्रम को जनपद सदस्य प्रतिनिधि शत्रुघ्न यदु, सरपंच प्रतिनिधि एवन पाटिल एवं अश्वनी कश्यप ने भी संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान पाठक द्वारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला को सप्रेम दीवार घड़ी भेंट की गई, वहीं अश्वनी कश्यप ने विद्यार्थियों के खेल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट किट प्रदान की। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं सैकड़ों ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।


