रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा नहीं बल्कि तेलघानी नाका क्षेत्र में देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तेलघानी नाका के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटना के पीछे के कारणों और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

