रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। विस्फोट इतना भयावह था कि एक मजदूर का पैर कटकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज लगभग आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर धुएं से भर गया और वहां मौजूद कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक आशंका है कि ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास का इलाका खाली करा दिया है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

