Homeछत्तीसगढ़राजयोग से नशे से छुटकारा मिलना संभव : तंबाकू और शराब छोड़ने, ब्रह्माकुमारीज़...

राजयोग से नशे से छुटकारा मिलना संभव : तंबाकू और शराब छोड़ने, ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

तिल्दा-नेवरा

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा द्वारा नगर पालिका उद्यान, तिल्दा में नशा मुक्ति विषय पर आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश हरिरामानी एवं नगर पालिका तिल्दा के सीएमओ अमिताभ शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को चित्रों, पोस्टरों और वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही नशे से छुटकारा पाने के आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक उपायों की जानकारी भी दी गई। आगंतुकों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, सामाजिक जीवन और आर्थिक स्थिति पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।

मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश हरिरामानी ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं सीएमओ अमिताभ शर्मा ने कहा कि यदि स्कूलों और महाविद्यालयों में नियमित रूप से इस तरह की जानकारी दी जाए तो युवाओं को नशे की लत से बचाने में काफी मदद मिल सकती है।

ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा की मुख्य संचालिका बीके प्रियंका ने बताया कि तंबाकू एक धीमे जहर की तरह शरीर को नुकसान पहुंचाता है। इसमें निकोटिन, एसीटोन, कैडमियम और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे घातक रसायन पाए जाते हैं, जो कई गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों लोग तंबाकू जनित रोगों के कारण अपनी जान गंवाते हैं और बड़ी संख्या में किशोर भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति के मन को सशक्त बनाकर तंबाकू, शराब और अन्य व्यसनों से मुक्ति दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को नशा न करने और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही अनेक लोगों ने राजयोग मेडिटेशन एवं ईश्वरीय ज्ञान की जानकारी प्राप्त कर स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments