Homeछत्तीसगढ़मोबाइल नेटवर्क से परेशान ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, नया टावर लगाने की...

मोबाइल नेटवर्क से परेशान ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, नया टावर लगाने की मांग; चेतावनी- नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा उग्र आंदोलन

सिमगा -अड़बंधा। रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत अड़बंधा में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक हेमंत साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपकर गांव में नया मोबाइल टावर स्थापित करने अथवा मौजूदा नेटवर्क में तत्काल सुधार की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग सभी टेलीकॉम कंपनियों का नेटवर्क लगातार बाधित रहता है। कॉल बार-बार कट जाती है, आवाज स्पष्ट नहीं आती, इंटरनेट सेवा ठप रहती है और जरूरी संदेश समय पर प्राप्त नहीं हो पाते। इससे विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, किसानों को मौसम और मंडी की जानकारी, बैंकिंग सेवाएं, शासकीय योजनाओं का लाभ तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करने में गंभीर परेशानी हो रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि देश डिजिटल इंडिया की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन ग्राम पंचायत अड़बंधा आज भी बेहतर मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। यह स्थिति संबंधित विभाग की उदासीनता को दर्शाती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गांव में जल्द से जल्द नया मोबाइल टावर लगाया जाए या वर्तमान नेटवर्क व्यवस्था में तकनीकी सुधार किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा को भी प्रेषित की गई है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments