बेमेतरा। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ संरक्षण को लेकर सोमवार को बेमेतरा में सैकड़ों गौ सेवकों ने विशाल रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। गौ सेवकों ने गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गौ माता मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान गौ सेवकों ने “गौ माता को राष्ट्र माता बनाओ”, “गौ हत्या बंद करो” जैसे नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनकी मांग के समर्थन में करीब डेढ़ लाख लोगों के हस्ताक्षर जुटाए गए हैं, जिन्हें राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम प्रार्थना पत्र के साथ सौंपा जाएगा।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद गौ सेवक कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट के पास धरने पर बैठ गए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर को राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
गौ सेवकों का कहना है कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्र माता का सम्मान दिया जाना चाहिए। साथ ही गौ संरक्षण के लिए अलग मंत्रालय बनाकर प्रभावी नीतियां लागू की जाएं ताकि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

