फरसगांव -कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुरी में एक किसान की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जुगानी कैम्प निवासी 65 वर्षीय केशव हलधर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खेत की सफाई के दौरान लगी आग से पड़ोसी किसान की फसल को नुकसान पहुंचने के बाद वह काफी परेशान था।
जानकारी के अनुसार केशव हलधर अपने खेत में मजदूरों के साथ मक्का फसल की सफाई कर रहा था। इसी दौरान खेत में मौजूद अवशेषों को जलाने के लिए आग लगाई गई। आग धीरे-धीरे फैलकर पड़ोसी किसान के खेत तक पहुंच गई, जिससे मक्का की फसल और ड्रिप सिंचाई पाइप को नुकसान हुआ।घटना के बाद दोनों किसानों के बीच बातचीत हुई थी। परिजनों के मुताबिक नुकसान की भरपाई को लेकर आपसी सहमति भी बन गई थी। इसके बावजूद केशव हलधर इस घटना को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और लगातार तनाव में था।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद किसान अकेले खेत की ओर निकल गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। बाद में ग्राम भानपुरी के जंगल में उसका शव पड़ा मिला, जिससे परिजनों में मातम छा गया।
पुलिस को मौके से जहर का एक डिब्बा भी बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि केशव हलधर मेहनती किसान था और फसल नुकसान की घटना के बाद से काफी चिंतित दिखाई दे रहा था।

