अप्रैल का महीना अब खत्म होने वाला है, तो वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। महीने भर में तापमान तेजी से बढ़ गया है, जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया है। दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां मौसम में गर्मी ने पूरी तरह आक्रामक रुख अपना लिया है। तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचते ही प्रदेश के कई इलाके ‘हीट जोन’ में बदलने लगे हैं।
Alert प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गई है। बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने भी अगले 4 से 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है, यानी फिलहाल राहत मिलने के आसार कम ही हैं। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में गर्म हवाओं के साथ लू चलने की स्थिति बनी हुई है।
बात करें राजनांदगांव की तो सबसे ज्यादा यहां तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। यहां तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा रायपुर में भी दिन का तापमान लगभग 44 के आसपास दर्ज किया गया है। पिछले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

