बिलासपुर-छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है… जहां एक पत्नी ने अपने ही पति पर ऐसा हमला कर दिया, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया।
अफेयर के शक में पत्नी ने देर रात सो रहे पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर हालत में घायल पति का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि आरोपी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ये सनसनीखेज मामला बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि राजेश कौशिक नाम का युवक राजमिस्त्री का काम करता है और उसका अपनी पत्नी द्रौपती बाई के साथ आए दिन विवाद होता रहता था। पत्नी को लंबे समय से शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा है। रात को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने खाना खाया और सो गया। लेकिन देर रात करीब 1 बजे फिर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाया और पति पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया।हमले के बाद घायल पति खून से लथपथ हालत में चीखते हुए घर से बाहर निकला। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल युवक और कटे हुए अंग को लेकर तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
“भावेश पांडे, टीआई चकरभाठा ने बताया अफेयर के शक में पत्नी द्वारा पति पर हमला करने का मामला सामने आया है। घायल का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया गया है।”फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है… लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में बढ़ता शक और घरेलू विवाद किस हद तक लोगों को हिंसक बना रहा है।

