डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर महिला कार्यकर्ताओं को मिलेगा डिजिटल प्रशिक्षण
तिल्दा-नेवरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला रायपुर ग्रामीण के तत्वावधान में गुरुवार को पंडित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर डिजिटल प्रशिक्षण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय, तिल्दा में आयोजित होगा, जिसमें महिला कार्यकर्ताओं को संगठन की डिजिटल गतिविधियों और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संगोष्ठी का उद्देश्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों एवं उनके बलिदान को स्मरण करते हुए महिला कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक डिजिटल रूप से और अधिक मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकांती वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं भाजपा महिला मोर्चा रायपुर ग्रामीण की प्रभारी श्रीमती प्रीति परगनिहा, सह प्रभारी श्रीमती रेखा सोनकर तथा कार्यक्रम संयोजक श्रीमती भारती बागल महिला कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम की तैयारियां जिला अध्यक्ष श्रीमती रश्मि वर्मा, जिला महामंत्री श्रीमती स्वाति वर्मा एवं श्रीमती ओम कुमारी साहू के नेतृत्व में पूर्ण कर ली गई हैं। तिल्दा शहर मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन, महामंत्री बेबी गोस्वामी एवं आकांक्षा वैष्णव ने जिला व मंडल की सभी पदाधिकारी एवं महिला कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
महिला मोर्चा ने अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं की सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा है कि यह संगोष्ठी संगठनात्मक सशक्तिकरण के साथ-साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश, एक विधान, एक प्रधान” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

