Homeछत्तीसगढ़तिल्दा नगर पालिका परिषद की बैठक में विकास और राजस्व बढ़ाने के...

तिल्दा नगर पालिका परिषद की बैठक में विकास और राजस्व बढ़ाने के कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा नेवरा नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में शहर के विकास, राजस्व वृद्धि और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में नगर हित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रशासनिक निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में यात्री निवास, बारातघर, आश्रय स्थल एवं सामुदायिक भवनों के संचालन के लिए ईओआई (Expression of Interest) जारी करने की स्वीकृति दी गई, ताकि इन परिसंपत्तियों का बेहतर संचालन हो सके और नगर पालिका की आय में वृद्धि हो।

परिषद ने वार्ड क्रमांक 22 स्थित मुक्तिधाम के विकास कार्य के लिए लगभग 74 लाख रुपये की निविदा दर को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा दीनदयाल चौक से गुरु घासीदास चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण के पुराने कार्यादेश को निरस्त करते हुए नए प्राक्कलन के आधार पर पुनः टेंडर जारी करने की मंजूरी दी गई।

नगर में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच स्थानों पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स (कमर्शियल कॉम्प्लेक्स) निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर अग्रिम कार्रवाई करने की स्वीकृति भी बैठक में दी गई। परिषद का मानना है कि इन कॉम्प्लेक्सों के निर्माण से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बैठक में सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय के पूर्व कार्यादेश को निरस्त कर पुनः निविदा (री-टेंडर) जारी करने का निर्णय लिया गया। वहीं बुधवार बाजार में शेष दुकानों एवं चबूतरों के आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 14 स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर पालिका के राजस्व में वृद्धि, शहर के आधारभूत ढांचे का विकास, व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन तथा स्थानीय युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। परिषद के इन निर्णयों से आने वाले समय में तिल्दा-नेवरा के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments