Homeछत्तीसगढ़तिल्दा की होनहार बेटी चारु पांडेय रचेंगी इतिहास, 23 साल की उम्र...
तिल्दा की होनहार बेटी चारु पांडेय रचेंगी इतिहास, 23 साल की उम्र में 19 प्रतियोगी परीक्षाएं पास, राष्ट्रपति करेंगी गोल्ड मेडल से सम्मानित
इंदर कोटवानी .
तिल्दा नेवरा-तिल्दा-नेवरा छत्तीसगढ़ के तिल्दा की बेटी चारु पांडेय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। महज 23 वर्ष की उम्र में चारु ने दिल्ली पुलिस, रेलवे, बैंकिंग और केंद्र-राज्य सरकार की विभिन्न 19 प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए आगामी स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षक प्रवीण कुमार पांडेय एवं सुधा पांडेय की प्रतिभाशाली पुत्री चारु ने SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, SSC GD, SSC CPO, IBPS PO, SBI Clerk, NET-JRF, CGTET, RRB NTPC, RRB Group-D, दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर, ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर, CG NHM सहित कुल 19 प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई लक्ष्य बड़ा नहीं होता।
चारु पांडेय ने मई 2025 में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के चेन्नई कार्यालय में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं। अपने उत्कृष्ट कार्य, ईमानदारी और दक्षता के बल पर उन्होंने कम समय में ही अलग पहचान बनाई। उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने वर्ष 2026 का ‘बेस्ट एएओ’ पुरस्कार प्रदान किया। इसके बाद जनवरी 2026 में पदोन्नति मिलने पर उन्हें विशाखापट्टनम में ऑडिट ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया गया, जहां वे वर्तमान में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
चारु की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे तिल्दा, रायपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। सीमित उम्र में इतनी बड़ी सफलताएं हासिल कर उन्होंने यह संदेश दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।चारु पांडेय आज प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं और उनका यह सफर आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देता रहेगा