तखतपुर टेकचंद कारड़ा
तखतपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के जंगली इलाकों में बाघिन के हमले से दहशत फैल गई है। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा में सोमवार को जंगल से लकड़ी लेने गए ग्रामीणों पर बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। हमले में धर्मजीत लहरे नामक युवक की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण जंगल में लकड़ी जुटा रहे थे, तभी बाघिन ने अचानक झपट्टा मारा और धर्मजीत को जंगल के भीतर खींच ले गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर युवक की तलाश की। काफी खोजबीन के बाद युवक का शव जंगल से बरामद किया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है। वहीं, इलाके में बाघिन के मूवमेंट को लेकर ग्रामीणों में भारी दहशत है।
तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर की है। धर्मजीत लहरे लकड़ी जुटाने के लिए जंगल गया था, जहां बाघिन के हमले में उसकी मौत हो गई। शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
हालांकि, घटना के बाद बाघिन की वर्तमान लोकेशन और उसके मूवमेंट को लेकर वन विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वन विभाग के आला अधिकारी भी इस मामले में फिलहाल कुछ भी बताने से बच रहे हैं।

