तिल्दा-नेवरा
तिल्दा नेवरा छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है। उन्हें साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके निधन की खबर से भाजपा और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। वे बिलासपुर तिफरा में भाजपा के 2 दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल हुए थे।इस प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वे लंबे समय तक संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे तथा पूर्व सह संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन संगठन, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से भी उनका निरंतर संपर्क बना रहा। स्वयंसेवक एवं विस्तारक के रूप में उन्होंने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनेक शाखाओं की शुरुआत की। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद एवं भारतीय जनता पार्टी में बिलासपुर संभाग के संगठन मंत्री के रूप में उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
उनके निधन पर भाजपा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ लोकतंत्र प्रहरी के रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ जैन. प्रदेश महामंत्री नरेंद्र मालूराम शर्मा, सुधांशु शर्मा ,अमरजीत पासवान, बृजलाल वर्मा ,शशि भूटानी, मधु सुदन दीवान ,नर्सिंग वर्मा ,स्वाति वर्मा, रानी जैन पार्षद, बेबी गोस्वामी,सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की ।

