तिल्दा-नेवरा
तिल्दा नगर पालिका क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन लगाने वाले लोगों पर अब पालिका प्रशासन सख्ती करने जा रहा है। नगर पालिका को गोपनीय रूप से सूचना मिली है कि शहर में करीब 1000 से अधिक नल कनेक्शन ऐसे हैं, जो बिना अनुमति और नियमों के विपरीत लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने अब जांच टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर पालिका प्रशासन ने अवैध नल कनेक्शन धारकों को राहत देते हुए पहले चरण में अपने कनेक्शन को वैध एवं नियमित कराने का मौका दिया है। इसके लिए 3 दिवस के भीतर नगर पालिका कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा ने बताया कि कई लोगों ने अवैध रूप से नल कनेक्शन ले रखे हैं। पालिका प्रशासन सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले उपभोक्ताओं को नियमितीकरण का अवसर दे रहा है। इसके लिए शहर में मुनादी भी कराई जा रही है, ताकि लोगों को जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने अवैध नल कनेक्शन लगाए हैं, वे नगर पालिका में आवेदन और निर्धारित शुल्क जमा कर अपने कनेक्शन को नियमित करा सकते हैं। यदि तय समय सीमा के भीतर कनेक्शन वैध नहीं कराया गया और जांच में अवैध कनेक्शन पाए गए, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कनेक्शन विच्छेदन एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका चुनाव के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से नल कनेक्शन दे दिए गए थे। अब पालिका प्रशासन ऐसे सभी कनेक्शनों का सत्यापन कर उन्हें नियमों के दायरे में लाने की तैयारी में जुट गया है

