धान के कटोरे में अब ‘क्राफ्ट बीयर’ का स्वाद, सरकार ने खोला नया रास्ता; पर्यटन और निवेश को भी मिलेगा बढ़ावा
रायपुर। धान के कटोरे के नाम से मशहूर छत्तीसगढ़ में अब बीयर प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब बीयर पीने के शौकीनों को कई तरह के फ्लेवर वाली क्राफ्ट बीयर भी पीने के लिए मिलेगी। राज्य सरकार ने प्रदेश में माइक्रो ब्रुअरी (Craft Beer Brewery) खोलने की मंजूरी दे दी है। अब लोगों को एक ही जगह पर ताज़ी और अलग-अलग फ्लेवर वाली क्राफ्ट बीयर का स्वाद मिलेगा। एक गिलास क्राफ्ट बीयर की अनुमानित कीमत ₹250 से ₹300 तक हो सकती है।
माइक्रो ब्रुअरी में बीयर छोटे बैच में तैयार की जाती है, जिससे उसका स्वाद, गुणवत्ता और ताजगी सामान्य बीयर से बेहतर मानी जाती है। इसमें प्राकृतिक माल्ट, हॉप्स और उच्च गुणवत्ता वाले अवयवों का इस्तेमाल किया जाता है। बीयर तैयार होने के बाद उसी परिसर में ग्राहकों को परोसी जाती है।
नई आबकारी नीति के तहत माइक्रो ब्रुअरी खोलने के लिए कम से कम 4,000 वर्गफुट का परिसर अनिवार्य होगा। संचालकों को हर साल 10 लाख रुपये लाइसेंस शुल्क देना होगा। साथ ही प्रतिदिन 1,000 लीटर तक बीयर उत्पादन की अनुमति मिलेगी और उत्पादित बीयर पर 60 रुपये प्रति बल्क लीटर उत्पाद शुल्क देय होगा।
कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और गोवा के बाद अब छत्तीसगढ़ भी क्राफ्ट बीयर संस्कृति अपनाने वाले राज्यों में शामिल हो जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में पर्यटन, होटल उद्योग, निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए वीसीएन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल पढ़ें।

