Homeछत्तीसगढ़कर्मचारी भवन में खुलेगा पुस्तकालय, पेंशनधारियों ने किया स्वागत

कर्मचारी भवन में खुलेगा पुस्तकालय, पेंशनधारियों ने किया स्वागत

तिल्दा में पेंशनधारी कल्याण संघ की मासिक बैठक, वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान और संगठन की मजबूती पर जोर

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील शाखा तिल्दा की नियमित मासिक बैठक कर्मचारी भवन तिल्दा में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारी भवन के एक कक्ष में सार्वजनिक पुस्तकालय शुरू करने के प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वागत किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य यू.एस. तिवारी ने पुस्तकालय के लिए पुस्तकें एवं एक अलमारी प्रदान करने की घोषणा की, जिसका उपस्थित सदस्यों ने तालियों से स्वागत किया।

बैठक में पेंशनरों से सीपीपी संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने-अपने बैंक में पीपीओ के साथ सहमति पत्र जमा कराने का आग्रह किया गया। साथ ही संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले एस.एन. गुप्ता, जे.एल. सिरमौर तथा सेवानिवृत्त कृषि विस्तार अधिकारी का गुलाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मान किया गया। वहीं जुलाई माह में जन्मदिन वाले सदस्यों का भी सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

संघ के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि बैठक में बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष प्रकाश जाधव एवं रायपुर जिला सचिव सुखीराम धृतलहरे ने संगठन की एकता और पेंशनरों के अधिकारों को लेकर सदस्यों को संबोधित किया। अध्यक्ष रामावतार पाण्डेय ने धारा 49(6) से जुड़ी पेंशनरों की बहुप्रतीक्षित मांग पर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच सहमति बनने तथा आदेश जारी होने की जानकारी देते हुए इसे पेंशनरों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

बैठक के दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक हेमलाल वर्मा ने संगठन को 5 हजार रुपये तथा सुरेंद्र कुमार नायक ने 2,500 रुपये का सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में कवि एवं साहित्यकार गोपाल प्रसाद वर्मा ने सावन पर आधारित गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।अंत में आर.सी. वर्मा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments