मारो के सरकारी कार्यक्रम में महिला कलाकारों के साथ लगाए ठुमके, वायरल वीडियो पर विपक्ष का तंज
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर नई बहस छिड़ गई है। साजा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला लोक कलाकारों के साथ मंच पर डांस करते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही कांग्रेस ने विधायक को घेरते हुए प्रदेश की महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की समस्याओं को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं कांग्रेस के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन हो गई है, इसीलिए ऐसे विषयों को लेकर आती है।
शादी-पार्टी नहीं, सरकारी कार्यक्रम में लगाए ठुमके
दरअसल, पूरा मामला बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो का है। यहां बुधवार को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में किया गया था। इसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के समापन के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव वहां से रवाना हो गए। इसके बाद मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहा। इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू महिला लोक कलाकारों के साथ थिरकते नजर आए। विधायक के डांस का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में विधायक ‘कहां गयो चिलम तंबाकू को डब्बा’ गाने की धुन पर महिला कलाकारों के साथ नाचते दिखाई दे रहे हैं।
कांग्रेस ने महंगाई और बेरोजगारी पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इसे साझा करते हुए भाजपा विधायक पर निशाना साधा। कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई बढ़ रही है, गरीबों को चना-गुड़ नहीं मिल रहा, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, बिजली महंगी हो रही है और पटवारियों की हड़ताल से आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन विधायक को इन जनसमस्याओं की चिंता नहीं है। कांग्रेस ने अपने पोस्ट में चिलम और तंबाकू के डिब्बे का भी जिक्र करते हुए तंज कसा।
अरुण साव का पलटवार, कांग्रेस मुद्दाविहीन
इस मामले में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की आलोचना पर जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन हो गई है। इसीलिए वह ऐसे विषय लेकर आती है। उनके इस बयान के बाद मामला और अधिक राजनीतिक चर्चा में आ गया है। भाजपा की ओर से इसे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विधायक की सहज भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है, जबकि कांग्रेस इसे जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं से जोड़कर सवाल उठा रही है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
विधायक ईश्वर साहू का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक कार्यक्रम में सामान्य सहभागिता बता रहे हैं, तो कुछ लोग जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक का डांस राजनीतिक बयानबाजी का नया विषय बन गया है।

