खंडहर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था नशे का सामान, बटनदार चाकू भी बरामद; अवैध शराब के मामले में महिला आरोपी पर भी कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा।- नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने देवारपारा स्थित एक खंडहर भवन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 2 किलोग्राम गांजा, 30 नग नशीली टेबलेट और एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया है। मामले में 20 वर्षीय आरोपी दिनेश कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, 24 पौव्वा देसी मसाला शराब के साथ एक महिला आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है।
झाड़ियों में छिपाकर रखा था गांजा और नशीली टेबलेट
पुलिस के अनुसार, तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवारपारा स्थित एक खंडहर भवन के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति ने प्लास्टिक की बोरी में गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट छिपाकर रखी है। आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। विधिसम्मत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो गांजा, 30 नग नशीली टेबलेट और एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये बताई है।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम घुलघुल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 22(सी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

