मंत्री टंकराम वर्मा हुए शामिल, ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में भी मनाया गया विजयादशमी पर्व
तिल्दा-नेवरा। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व तिल्दा-नेवरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। तिल्दा के रावण मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। यहां लगभग 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान पूरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा और आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो गया।
दशहरा उत्सव को लेकर रावण मैदान में जोरदार तैयारियां की गई थीं। शाम को घुलघुल रामलीला मंडली ने रामलीला का मंचन किया । इसके बाद भगवान श्रीराम ने रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद जमकर आतिशबाजी की गई। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।इस अवसर पर नगरकी प्रथम नागरिक चन्द्रकला वर्मा,पूर्व पालिका अध्यक्ष महेश अग्रवाल, रामपंजवानी,लख्मीचंद नागवानी .भाजपा नेता घनशयाम अग्रवाल ,भाजपा नेता दीपक शर्मा ,ब्राम्हण समाज के प्रमुख सत्य प्रकाश , पार्षद बबन लालवानी सहित पार्षद उपस्थित थे.

इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने नगरवासियों को विजयादशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा पर्व हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और बुराइयों का त्याग कर समाज एवं प्रदेश की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
दुर्गाबाड़ा में रावण दहन नहीं होने से मायूसी
शहर में दशहरा उत्सव के बीच दुर्गाबाड़ा में रावण दहन नहीं होने से लोगों में मायूसी देखने को मिली। वहीं, तिल्दा बस्ती सहित आसपास के कई गांवों में आजदशहरा पर्व मनाने और रावण दहन की तैयारियां की गईं।

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में दिया आंतरिक बुराइयों को मिटाने का संदेश
ब्रह्माकुमारीज तिल्दा सेवा केंद्र की ओर से भी विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भाई-बहन, बच्चे और नगरवासी शामिल हुए। कार्यक्रम में तिल्दा के गवर्नमेंट ट्रेनिंग ऑफिसर विष्णु वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेवा केंद्र संचालिका बीके प्रियंका बहन ने कहा कि अपने अंदर मौजूद काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकारों रूपी रावण को समाप्त करना ही सच्चे अर्थों में विजयादशमी मनाना है। उन्होंने पर्व के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए लोगों को अपने जीवन से बुराइयों को दूर करने का संदेश दिया।

