छत्तीसगढ़

अमित जोगी ने कांग्रेस और भाजपा को पति-पत्नी बताया: कहा,दोनों का रिश्ता, दिन में तकरार और रात में प्यार.. वाला

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कांग्रेस और भाजपा को पति-पत्नी बताया है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी और कांग्रेस का रिश्ता दिन में तकरार और रात में प्यार वाला है। जोगी ने कहा कि, कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। भाजपा ने भी विपक्ष की भूमिका को सही से नहीं निभाया। अमित जोगी मंगलवार को रायपुर में मीडिया से बात कर रहे थे।

अमित जोगी ने कहा कि, कांग्रेस कहती थी की प्रदेश में उनकी सरकार आने के बाद रमन सिंह जेल जाएंगे। आज तक न रमन सिंह जेल गए, न कांग्रेस का कोई नेता जेल गया। प्रदेश में ईडी की कार्रवाई चल रही है। आरोप पत्र में कांग्रेस के नेताओं का भी नाम शामिल है। उन्हें अब तक जेल क्यों नहीं भेजा जा रहा है? छत्तीसगढ़ में इतना सारा भ्रष्टाचार हुआ, लेकिन कोई कांग्रेस- बीजेपी का नेता अंदर ही नहीं गया।

अमित जोगी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नहीं हूं। वे कहते है कि मेरी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई है, लेकिन छत्तीसगढ में उन्हें केवल कांग्रेस सरकार का भ्रष्टाचार दिखता है। आरोप लगाया कि रमन सिंह की सरकार में 15 साल भ्रष्टाचार किया गया, वह नजर नहीं आता है। जो भाजपा में प्रवेश कर लेता है, वह ‘दूध का धुला ‘हो जाता है। प्रदेश में जब हमारी सरकार आएगी प्रदेश को लूटने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।

भाजपा के 50 नेता हमारे सम्पर्क में
अमित जोगी ने कहा कि, बीजेपी की दूसरी सूची जारी हो गई गई। भाजपा के ऐसे नेता जिन्हें टिकट नहीं दिया गया है वैसे लोग हमारे संपर्क में है। सूची आने के 24 घंटे बाद मुझसे 50 भाजपा के नेताओं ने संपर्क किया है। कुछ दिनों में कांग्रेस की भी सूची आने वाली है। दोनों ही पार्टी में ऊपर से लेकर नीचे तक बगावत देखने को मिलेगी, जिसका फायदा हमारी पार्टी को मिलेगा।

इस वजह से JCCJ नहीं कर रही प्रत्याशियों का ऐलान

उन्होंने कहा कि, 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान हमने चुनाव के 3 महीने पहले ही अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी। प्रत्याशियों की सूची जल्दी जारी कर हमसे गलती हुई थी। उन गलतियों से हमने बहुत कुछ सीखा है। पिछले चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बहुत से नेता जिन्हें टिकट नहीं मिल पाया था,वे जोगी कांग्रेस से चुनाव लड़ना चाहते थे ।

हमने पहले ही अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया था, जिसकी वजह से हम उन्हें टिकट नहीं दे पाए। भाजपा ने तो अपनी सूची जारी कर दी है। कुछ दिनों में कांग्रेस भी अपनी सूची जारी करेगी। दोनों पार्टियों की सूची जारी होने के बाद हम अपने प्रत्याशियों का ऐलान करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button