ग्राउंड रिपोर्ट,इंदर कोटवानी
तिल्दा-नेवरा। प्रेम, अवैध संबंध, पारिवारिक कलह और फिर खौफनाक कत्ल! जिस घर में कभी साथ बैठकर खाना-पीना और काम करना होता था, उसी घर के रिश्तों ने ऐसी खूनी करवट ली कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। पहले प्रेमिका की बेटी से नजदीकियां, फिर उसकी मां से कथित प्रेम संबंध और आखिरकार इस रिश्ते का खूनी अंत! तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध से नाराज पति ने अपने यहां काम करने वाले युवक किशन यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और पुरुषोत्तम पाल को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को खेत से घसीटकर तालाब तक ले जाया गया और तार से बंधे खंभे के सहारे तालाब में फेंक दिया गया, ताकि हत्या का राज हमेशा के लिए पानी में दफन हो जाए।

पुलिस ने मामले में शंकरपाल और उसके यहां काम करने वाले किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। लेकिन पुलिस के खुलासे के बाद भी घटनाक्रम की कुछ कड़ियां ऐसी हैं, जो कई नए सवाल खड़े कर रही हैं।
20 साल पहले गांव आया था शंकरपाल, घर में ही पनपने लगी रिश्तों की उलझन
मिली जानकारी के अनुसार, शंकरपाल उर्फ राजू करीब 20 साल पहले ग्राम बेमता में आकर बसा था। वह भेड़ पालन करता था और खेतों में भेड़ों को चराने का काम करता था। उसकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसके दो बेटे हैं। इसके बाद उसने दूसरी शादी की, जिससे तीन बेटियां हैं।
मृतक पुरुषोत्तम पाल भी पहले शंकरपाल के यहां भेड़ चराने का काम करता था। दोनों के बीच उठना-बैठना था। घर में आना-जाना और साथ खाना-पीना भी होता था। इसी दौरान पुरुषोत्तम का शंकरपाल की एक बेटी से संपर्क हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया जाता है कि लड़की की मां इस रिश्ते के खिलाफ थी। बाद में महिला और पुरुषोत्तम के बीच भी कथित रूप से प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
पुरुषोत्तम कुंवारा था और उम्र में महिला के बेटे के आसपास बताया जा रहा है। इस संबंध की जानकारी जब शंकरपाल को हुई तो घर में आए दिन विवाद होने लगा। आखिरकार शंकरपाल ने पुरुषोत्तम को काम से निकाल दिया। इसके बावजूद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा।
पत्नी तीन महीने पहले घर छोड़कर गई, फिर रची गई हत्या की साजिश!
बताया जाता है कि करीब तीन महीने पहले शंकरपाल की पत्नी अपने पति और बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। पुलिस के अनुसार, पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच संबंधों को लेकर शंकरपाल नाराज था। इसी नाराजगी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि शंकरपाल ने कबीरधाम जिले से किशन यादव को काम के लिए बुलाया था। कुछ दिन बाद उसे पुरुषोत्तम के साथ चल रहे विवाद और संबंधों की जानकारी दी गई। आरोप है कि शंकरपाल ने किशन को पुरुषोत्तम को रास्ते से हटाने के लिए तैयार किया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई से बचाने का भरोसा भी दिया।
पहले गांजा पीया, फिर टांगी से गले पर किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पुरुषोत्तम पाल अपनी भेड़ों को चराने खेत गया हुआ था। इसी दौरान किशन यादव वहां पहुंचा। दोनों ने कथित तौर पर साथ बैठकर गांजा पीया। इसके बाद किशन ने टांगी से पुरुषोत्तम के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर खेत में लगे तार से बंधे एक खंभे को निकाला और शव को गमछे तथा तार की मदद से उससे बांध दिया। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया, ताकि वह पानी में डूबा रहे और किसी को हत्या का संदेह न हो।
वारदात को अंजाम देने के बाद किशन कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना के मुताबिक कबीरधाम जिले स्थित अपने गांव चला गया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट ने ही बढ़ाया पुलिस का शक
इस हत्याकांड में आरोपियों की कथित चालाकी भी पुलिस के शक की वजह बनी। बताया जाता है कि शंकरपाल ने तिल्दा-नेवरा थाने पहुंचकर किशन के घर नहीं लौटने की शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर पुरुषोत्तम के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और रिश्तेदारों में पूछताछ के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उसके पिता धनेश पाल ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।पुरुषोत्तम की तलाश के लिए पोस्टर तैयार कर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और फेसबुक पर भी प्रसारित किया गया।
इसी बीच रविवार को तालाब में पुरुषोत्तम का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज की। जांच के दौरान किशन के कबीरधाम जिले स्थित अपने गांव चले जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस को यह बात इसलिए भी संदिग्ध लगी, क्योंकि उसके मालिक शंकरपाल ने खुद किशन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद पुलिस टीम कबीरधाम पहुंची और किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशन ने हत्या करना स्वीकार किया और पूरी वारदात की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद की गई। पुलिस ने शंकरपाल और किशन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के खुलासे के बाद भी ये सवाल क्यों खड़े हो रहे हैं?
पुलिस ने भले ही अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया हो, लेकिन घटनास्थल और शव को तालाब तक पहुंचाने के घटनाक्रम को लेकर कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है। ग्रामीणों के बीच भी इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं।
* क्या किशन ने अकेले ही दिया वारदात को अंजाम?
आरोपी किशन का दावा है कि उसने अकेले ही पुरुषोत्तम की हत्या की और शव को घसीटकर तालाब तक पहुंचाया। लेकिन क्या एक व्यक्ति के लिए शव के साथ भारी खंभे को उठाकर तालाब तक ले जाना इतना आसान था?
* लगभग 50 किलो के खंभे का इस्तेमाल कैसे किया गया?
बताया जा रहा है कि शव को खेत में लगे तार के खंभे से बांधा गया था। यदि खंभा इतना भारी था, तो अकेले व्यक्ति ने उसे कैसे निकाला और शव के साथ तालाब तक कैसे पहुंचाया?
*तालाब के आसपास घसीटने के निशान क्यों नहीं मिले?
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास शव को घसीटकर ले जाने के स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दिए। यदि शव को खेत से घसीटकर लाया गया था तो रास्ते में उसके निशान कहां गए?
*क्या हत्या की साजिश में कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल था?
शंकरपाल पर साजिश रचने का आरोप है और किशन को वारदात को अंजाम देने वाला बताया गया है। लेकिन क्या पूरी वारदात में केवल यही दो लोग शामिल थे या पर्दे के पीछे कोई और भी था?
*शंकरपाल के बेटे से पूछताछ की चर्चा क्यों?
ग्रामीणों में चर्चा है कि पुलिस ने शंकरपाल के एक बेटे को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब आगे की जांच पर टिकी निगाहें
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उपरोक्त कार्यवाही की गई। कार्यवाही में उपनिरीक्षक पी आर साहू पी एस आई रानू साहू, पी एस आई राजकुमार शांते एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शंकरपाल अपनी पत्नी पर मृतक के साथ अवैध संबंध होने का शक करता था. यही कारण हत्या का सबब बन गया।आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। यदि जांच में कोई नई बात सामने आती है तो मामले की बारीकी से जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। लेकिन शव को तालाब तक पहुंचाने की पूरी कहानी, खंभे का इस्तेमाल और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका जैसे सवाल अभी जांच के दायरे में हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुरुषोत्तम की हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने आ चुकी है, या फिर इस खूनी साजिश की कुछ और परतें खुलना अभी बाकी हैं? क्या किशन ने वाकई अकेले ही इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया? और अगर कोई तीसरा व्यक्ति भी इस साजिश में शामिल था, तो क्या वह अब भी कानून की पकड़ से बाहर है?
बेमता के इस हत्याकांड में दो आरोपी जेल पहुंच चुके हैं, लेकिन क्या हत्या की हर कड़ी जुड़ चुकी है? इसका जवाब अब पुलिस की आगे की जांच ही देगी।

