भिलाई के रामनगर स्थित पीजी में वारदात, एक माह पहले ही पढ़ाई के लिए आई थी खुशी साहू, पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की पीजी में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में रहने वाली खुशी साहू पर एक युवक ने धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका खुशी साहू बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। वह करीब एक माह पहले ही भिलाई आई थी और शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च स्वयं उठाने के लिए वह एक कैफे में नौकरी भी कर रही थी।

रूममेट के नहाने के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच खुशी की रूममेट नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से खुशी पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। जब रूममेट बाहर निकली तो खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली। उसने तुरंत मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस घायल छात्रा को सुपेला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध युवक की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक संदिग्ध युवक के बारे में जानकारी मिली है, जिससे खुशी की बातचीत होती थी। पुलिस इस युवक की तलाश कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं—व्यक्तिगत संबंध, परिचितों और अन्य संभावित कारणों—की जांच की जा रही है।
पहले बोला- नस काट ली, फिर बताया चाकू से हमला हुआ
मृतका के परिजनों के अनुसार, शुरुआत में रूममेट ने फोन कर बताया कि खुशी ने अपने हाथ की नस काट ली है और जल्द अस्पताल पहुंचने को कहा। बाद में उसने जानकारी दी कि एक युवक कमरे में आया था और उसने चाकू से हमला किया। इस विरोधाभासी जानकारी को लेकर पुलिस रूममेट से भी पूछताछ कर रही है।
पढ़ाई के लिए कर रही थी नौकरी
खुशी के चचेरे भाई देव कुमार साहू ने बताया कि खुशी अपने परिवार पर आर्थिक बोझ नहीं डालना चाहती थी। उसने पढ़ाई के साथ नौकरी करने का फैसला किया था और कॉलेज शुरू होने से पहले ही एक कैफे में काम शुरू कर दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह अपने दम पर भविष्य बनाएगी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या के कारण और आरोपी की भूमिका स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा

