महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बावनकेरा चौक के पास तेज टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
संबलपुर से लौट रहे थे कार सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे और सभी संबलपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो महिलाओं की मौके पर मौत
दुर्घटना में कार सवार दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग राजनांदगांव के निवासी हो सकते हैं। हालांकि, मृतक महिलाओं और घायलों की पहचान तथा उनके पते की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सभी घायलों को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ट्रक चालक वाहन सहित फरार
घटना की जानकारी मिलने पर पटेवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार चालक और ट्रक की तलाश कर रही है।

