CBI और ED की संयुक्त कार्रवाई, 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में होगी पेशी
रायपुर। बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को CBI ने ओमान में गिरफ्तार कर भारत लाया है। इस कार्रवाई में CBI ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय किया। अब आरोपी को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने की तैयारी है।
CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसी के आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद भारत सरकार के माध्यम से ओमान को उसके प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया। भारत और ओमान के अधिकारियों के बीच प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई।
देशभर में फैला था सट्टेबाजी का नेटवर्क
CBI की जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने के लिए देशभर में फ्रेंचाइजी की तर्ज पर पैनल और ब्रांच बनाई गई थीं। इनके जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़कर रकम जमा कराई जाती थी।
हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम
जांच एजेंसियों के मुताबिक, सट्टेबाजी से अर्जित रकम को कई बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद अलग-अलग खातों के माध्यम से लेनदेन कर रकम छिपाई जाती थी और हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी। CBI की जांच में सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर रिश्वत देकर नेटवर्क संचालित करने के आरोप भी सामने आए हैं।
13 FIR की जांच कर रही है CBI
छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े 13 मामलों की FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। CBI इस मामले में अब तक कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है और भारत तथा विदेशों में करोड़ों रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुका है।
2 नवंबर को रायपुर कोर्ट में पेशी
भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उसे रायपुर लाया जाएगा। 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है। अब इस मामले में पूछताछ और न्यायिक कार्रवाई के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

