रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र में लोकनाथ उर्फ बिल्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर चाकू और ब्लेड दिखाते हुए पुलिसकर्मियों को धमकी देता नजर आ रहा है। वीडियो में वह अपनी छाती ठोकते हुए धरसीवां पुलिस को चुनौती देता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में लोकनाथ उर्फ बिल्ला के बोलने के अंदाज और आवाज से उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वह शराब के नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और घटनाक्रम के संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
अब नजर पुलिस की कार्रवाई पर: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस को चुनौती दिए जाने के कथित घटनाक्रम के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस आरोपी तक कब पहुंचती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है

