रोते हुए मां को फोन कर बोली बेटी– दुर्गेश मुझे बुरी तरह मार रहा है… कुछ घंटे बाद सिम्स में तोड़ा दम, शरीर पर चोट के निशान देख मां ने उठाए गंभीर सवाल
बिलासपुर। एक मां के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि सुबह जिस बेटी को उसने रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से काम पर भेजा, शाम होते-होते उसी की मौत की खबर मिल जाए। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय आरुषि डहरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मां का आरोप है कि मोहल्ले के युवक ने पहले बेटी को मिलने के लिए बुलाया और फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। बेटी ने फोन पर रोते हुए मां को अपनी आपबीती भी बताई थी। लेकिन कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। अब मां इस मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बता रही है।
मैसेज कर मिलने बुलाया, फिर शुरू हुई मारपीट
घुरु निवासी मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरुषि रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। मां भी अपने काम में लग गईं।
परिजनों के मुताबिक, दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने आरुषि के मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण आरुषि उससे मिलने चली गई।
कुछ देर बाद आरुषि ने मां को फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण मां कॉल रिसीव नहीं कर सकीं। बाद में जब मीना ने बेटी को फोन किया तो दूसरी तरफ से रोने की आवाज सुनाई दी। आरुषि ने बताया कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है।
बेटी की घबराहट और रोने की आवाज सुनकर मां परेशान हो गईं, लेकिन आरुषि अपनी लोकेशन नहीं बता सकी। इसके बाद मां को लगा कि शायद दोनों के बीच का विवाद शांत हो जाएगा।
शाम को आया फोन, फिर मिली बेटी की मौत की खबर
मामले में सबसे बड़ा सवाल शाम को सामने आया, जब करीब 6 बजे दुर्गेश ने मीना को फोन कर बताया कि आरुषि अस्पताल में भर्ती है। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर जानकारी दी कि आरुषि ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स अस्पताल लाया गया है।
परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, लेकिन रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से उन्हें आरुषि की मौत की सूचना मिली। जिस बेटी से कुछ घंटे पहले मां फोन पर बात कर रही थी, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
मां का गंभीर आरोप- बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती
बेटी का शव देखने के बाद मां मीना डहरिया ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरुषि के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। मां को आशंका है कि बेटी के साथ मारपीट की गई और उसकी मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
मां ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उस दिन आरुषि के साथ क्या हुआ था? मां को फोन पर मारपीट की जानकारी देने के कुछ घंटे बाद उसकी मौत कैसे हो गई? क्या यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सवालों का जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगा।

