Homeछत्तीसगढ़माइक आईडी लेकर पत्रकार बने वसूलीबाज! रेत-मुरम के ट्रकों को रोककर पूछ...

माइक आईडी लेकर पत्रकार बने वसूलीबाज! रेत-मुरम के ट्रकों को रोककर पूछ रहे थे कागजात, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

प्रशासन और खनिज विभाग के अधिकारियो की तरह रायल्टी और पेपरों की कर रहे थे जाँच , ग्रैंड विटारा कार और तीन मोबाइल जब्त

खरोरा । हाथों में माइक आईडी, गले में प्रेस कार्ड और खुद को पत्रकार बताकर घूमने वाले कुछ लोगों की गतिविधियों ने एक बार फिर पत्रकारिता की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां खुद को पत्रकार बताकर मुरम और रेत से भरे वाहनों को रोकने तथा वाहन चालकों को प्रशासनिक कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से अवैध वसूली करने के आरोप में तीन लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।मामला खरोरा के मुर्रा इलाके का है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान मनोज भट्ट, रविन्द्र देवांगन और किशोर देवांगन के रूप में हुई है।

खनिज विभाग की कार्रवाई का डर दिखाकर करते थे वसूली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी कथित तौर पर खुद को CGDMS न्यूज का पत्रकार बताते थे। आरोप है कि वे मुरम और रेत का परिवहन करने वाले ट्रकों को रास्ते में रोकते और जिला प्रशासन तथा खनिज विभाग की कार्रवाई का भय दिखाकर वाहन चालकों से पैसों की मांग करते थे। मुर्रा इलाके में इसी तरह की कथित वसूली के दौरान ग्रामीणों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तीनों को पकड़कर खरोरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रैंड विटारा कार और तीन मोबाइल जब्त

मामले की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक ग्रैंड विटारा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि अब तक कितने वाहन चालकों से रकम वसूली गई और इस कथित गतिविधि में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

माइक आईडी होना ही पत्रकारिता की पहचान नहीं

इस घटना ने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। आजकल शहरों और ग्रामीण इलाकों में कई लोग गले में माइक आईडी लटकाए और हाथों में माइक लेकर घूमते नजर आते हैं। लेकिन पत्रकारिता केवल माइक आईडी, कैमरा या किसी न्यूज संस्थान का नाम इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं है। पत्रकारिता जनता की आवाज बनने, सच सामने लाने और जिम्मेदारी के साथ खबरों को प्रस्तुत करने का काम है।

कुछ लोगों पर पत्रकारिता की पहचान का कथित दुरुपयोग कर निजी स्वार्थ साधने के आरोप लगते हैं, तो इसका असर उन पत्रकारों पर भी पड़ता है जो वर्षों से ईमानदारी के साथ समाज और व्यवस्था के बीच एक मजबूत कड़ी बनकर काम कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments