घरों और फसलों को पहुंचा रहा नुकसान, हाथी की मौजूदगी से दहशत में ग्रामीण
जशपुर। पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में एक हाथी की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले दो दिनों से हाथी गांव में विचरण कर रहा है और इस दौरान घरों के साथ खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी की आवाजाही से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। लोग घरों से बाहर निकलने और खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
लगातार दो दिनों से हाथी के गांव में घूमने के कारण ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि हाथी की आवाजाही इसी तरह जारी रही तो जान-माल का नुकसान भी हो सकता है। अब ग्रामीणों की नजर वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी है।

